3 जुलाई को चक्काजाम का ऐलान, सैकड़ों ग्रामीणों ने SDM कार्यालय का घेरावकर सौंपा ज्ञापन!
{Pankaj Kurre}
पामगढ़ | डोंगाकोहरौद क्षेत्र में सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार और बदहाल सड़क से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। बुधवार को सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण पामगढ़ एसडीएम कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराज़गी जताते हुए ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क निर्माण अधूरा पड़ा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो निर्माण कार्य पूरा किया गया और न ही आवागमन की समस्या का समाधान हुआ। बारिश के मौसम में हालात और भी बदतर हो गए हैं, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
3 जुलाई को होगा बड़ा आंदोलन
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण पूरा नहीं कराया गया तो 3 जुलाई 2026 (शुक्रवार) सुबह 10 बजे से पामगढ़–शिवरीनारायण–बिलासपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया जाएगा। आंदोलन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
अधूरा सड़क निर्माण कार्य तत्काल पूरा किया जाए।
आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने साफ कहा है कि यदि इस बार भी प्रशासन ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। चक्काजाम की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।





