रंगों के त्योहार पर असामाजिक तत्वों की हरकत से दहशत, होली की रात गांव में बदमाशों का आतंक, घर के बाहर रखे पैरा-खरही को किया आग के हवाले

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर चांपा। होली जैसे खुशियों और भाईचारे के पर्व पर गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात बदमाशों ने एक घर के बाहर रखे पैरा-खरही (पुआल का ढेर) में आग लगा दी। घटना देर रात की बताई जा रही है, जब अधिकांश ग्रामीण होलिका दहन और त्योहार के उत्सव में व्यस्त थे। यह घटना जांजगीर चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र चेऊडीह ग्राम पंचायत की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक उठी आग की लपटों को देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बाल्टियों व मोटर पंप की मदद से आग पर काबू करने की कोशिश की गई फिर भी आग पर काबू नहीं कर पाए और यह आग की लपटे सुबह 8 बजे तक जलती रही। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो पास के मकानों तक आग फैलने की आशंका थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।

पीड़ित परिवार ने बताया कि पैरा-खरही पशुओं के चारे के लिए रखी गई थी, जिसे जलाए जाने से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि त्योहार के अवसर पर इस तरह की हरकतें सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश हैं।






इन्हें भी पढ़े