पामगढ़ क्षेत्र में भालू की दस्तक: ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग अलर्ट मोड पर, देखें वीडियो….
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ क्षेत्र में भालू के लगातार दिखाई देने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार नेवराबंद, बारगांव और पेंड्री कोसला गांवों के आसपास रिहायशी इलाकों के नजदीक भालू विचरण करते हुए देखा गया, जिससे लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल सक्रिय हो गई। वन विभाग के एसडीओ के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। टीम द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा भालू को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
वन विभाग ने आसपास के गांवों के सरपंचों के माध्यम से मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को शाम और रात के समय अकेले बाहर न निकलने, बच्चों पर विशेष ध्यान रखने और किसी भी प्रकार की हलचल दिखने पर तुरंत सूचना देने को कहा गया है।


