किसानों के लिए बड़ी राहत; धान खरीदी से पहले किसान पोर्टल में पंजीयन की तारीख बढ़ी, अब 15 नवंबर तक मिलेगा मौका!
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा / खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान बेचने की तैयारी कर रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। शासन ने एकीकृत किसान पोर्टल में नवीन पंजीयन और पहले से पंजीकृत फसल एवं रकबे में संशोधन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर से बढ़ाकर अब 15 नवंबर 2026 कर दी है।
गौरतलब है कि प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है। ऐसे में शासन ने किसानों को पंजीयन और संशोधन के लिए अतिरिक्त समय दिया है, ताकि कोई भी किसान अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचने से वंचित न रह जाए।
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि शासन की योजना के तहत धान के बदले अन्य फसलों का पंजीयन कराने वाले किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की सहायता राशि दी जाएगी। वहीं दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी एवं कपास जैसी सामान्य फसलों का पंजीयन कराने पर 10 हजार रुपये प्रति एकड़ की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना अपने नजदीकी सेवा सहकारी समिति में पहुंचकर दलहन, तिलहन एवं अन्य फसलों का पंजीयन तथा आवश्यक संशोधन समय-सीमा में अवश्य करा लें।

