बिलाईगढ़ के तीन गौरव पथ निर्माण कार्यों को शीघ्र गति देने की मांग, रामनारायण देवांगन ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सौंपा आवेदन
बिलाईगढ़। नगर पंचायत बिलाईगढ़ के समग्र विकास, सौंदर्यीकरण एवं बेहतर यातायात व्यवस्था को लेकर भाजपा जिला मंत्री रामनारायण देवांगन ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पंचायत बिलाईगढ़ को आवेदन सौंपकर नगर में प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन तीन गौरव पथ परियोजनाओं पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
देवांगन ने अपने आवेदन में गौरव पथ निर्माण कार्य भाग-2 के अंतर्गत लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया है। इसमें विद्युत पोल शिफ्टिंग के लिए 34.01 लाख रुपये, रोशन सेलून से दिनेश शर्मा के घर तक नाली निर्माण के लिए 32 लाख रुपये, पाइपलाइन निर्माण के लिए 19.99 लाख रुपये तथा रोड डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट सहित गौरव पथ के शेष निर्माण कार्यों की अनुमानित लागत 199.68 लाख रुपये का उल्लेख करते हुए संबंधित विभागों एवं निर्माण एजेंसी के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की गई है।
इसी प्रकार गौरव पथ निर्माण कार्य भाग-3 के अंतर्गत दिनेश शर्मा के घर से राजू अग्रवाल के घर तक लगभग 1 करोड़ 21 लाख 64 हजार रुपये की लागत से प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य के लिए आवश्यक विभागीय प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर निविदा आमंत्रित करने की मांग की गई है, ताकि निर्माण एजेंसी का चयन कर कार्य जल्द प्रारंभ किया जा सके।
वहीं गौरव पथ निर्माण कार्य भाग-4 के अंतर्गत बस स्टैंड से शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल तक लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित गौरव पथ निर्माण कार्य, जिसे माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है, के संबंध में शीघ्र विस्तृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार कर सक्षम विभाग को भेजने तथा आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासकीय स्वीकृति सहित सभी विभागीय प्रक्रियाएं समय-सीमा में पूर्ण कराने का आग्रह किया गया है।
रामनारायण देवांगन ने कहा कि गौरव पथ निर्माण कार्य केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बिलाईगढ़ नगर के भविष्य, व्यवस्थित यातायात, बेहतर आधारभूत सुविधाओं एवं सौंदर्यीकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण विकास परियोजना है। इन तीनों गौरव पथों के पूर्ण होने से नगरवासियों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और बिलाईगढ़ के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से आग्रह किया है कि तीनों परियोजनाओं की अलग-अलग समीक्षा कर लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने, भाग-3 की निविदा प्रक्रिया प्रारंभ करने तथा भाग-4 के लिए आवश्यक प्राक्कलन एवं स्वीकृति संबंधी कार्रवाई प्राथमिकता से पूरी कराई जाए, ताकि सभी गौरव पथ निर्माण कार्य धरातल पर शीघ्र दिखाई दें।
देवांगन ने कहा कि बिलाईगढ़ नगर का विकास हमारी प्राथमिकता और संकल्प है। नगरवासियों को बेहतर सड़क, रोशनी, नाली एवं सुगम यातायात जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विकास कार्यों को गति देना आवश्यक है।

