भाजपा मंडल कसडोल की मासिक बैठक संपन्न, शक्ति केंद्रों में बैठक की हुई चर्चा
कसडोल। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी मंडल कसडोल की मासिक बैठक मंडल अध्यक्ष डॉ. सुदीप मानिकपुरी की अध्यक्षता तथा डॉ. अजय राव (मंडल प्रभारी एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य) एवं विजय यादव (जिला महामंत्री) के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई।
बैठक के प्रारंभ में मंडल अध्यक्ष डॉ. सुदीप मानिकपुरी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए मंडल के प्रत्येक शक्ति केंद्र पर प्रत्येक माह नियमित बैठक आयोजित की जाए। साथ ही उन्होंने सभी बूथों पर बूथ समिति की मासिक बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि विजय यादव ने अपने उद्बोधन में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी कार्यकर्ताओं से आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता कर उन्हें सफल बनाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर राजकुमार जायसवाल (पूर्व जिला अध्यक्ष, पिछड़ा वर्ग मोर्चा) ने संगठन की मजबूती पर अपने विचार रखते हुए सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ मंडल के कार्यक्रमों का सफल संचालन करने का आह्वान किया।
बैठक के अंतिम वक्ता डॉ. अजय राव (मंडल प्रभारी एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य) ने संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित शक्ति केंद्र प्रभारियों, संयोजकों, सह-संयोजकों एवं बूथ अध्यक्षों से संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की तथा संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।
बैठक का सफल संचालन मंडल महामंत्री अनिल श्रीवास ने किया तथा आभार प्रदर्शन मंडल उपाध्यक्ष चन्द्रिका पटेल ने किया।
बैठक में भाजपा मंडल कसडोल के शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, सह-संयोजक, बूथ अध्यक्ष, सभी मोर्चों के पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही।





