जिले की बेटी शिवांशी केसरवानी बनीं केसरवानी समाज की प्रथम कमर्शियल पायलट
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार नगर की 21 वर्षीय होनहार बेटी कु. शिवांशी केसरवानी ने Commercial Pilot License (CPL) प्राप्त कर केसरवानी समाज की प्रथम कमर्शियल पायलट बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से परिवार, समाज एवं पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। कैप्टन शिवांशी ने अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया राज्य के सैक्रामेंटो स्थित Advance Aviation Center से प्रशिक्षण प्राप्त कर सफलतापूर्वक कमर्शियल पायलट लाइसेंस अर्जित किया। इसके बाद वे अब कैप्टन शिवांशी केसरवानी के नाम से जानी जाएँगी।
विदेश में प्रशिक्षण से पूर्व उन्होंने मुंबई स्थित एक एविएशन प्रशिक्षण संस्थान में लगभग एक वर्ष तक वेदर, टेकऑफ़, लैंडिंग, फ्लाइट सेफ्टी एवं अन्य तकनीकी विषयों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कैप्टन शिवांशी, श्री नितेश केसरवानी एवं श्रीमती भावना केसरवानी की सुपुत्री तथा श्री नरेंद्र (नंदू) केसरवानी एवं श्रीमती शोभा केसरवानी की पौत्री हैं। उनकी इस सफलता का श्रेय उनके दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम, परिवार के सहयोग तथा ईश्वर की असीम कृपा को दिया जा रहा है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर केसरवानी समाज, नगर के गणमान्य नागरिकों एवं शुभचिंतकों ने कैप्टन शिवांशी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी सफलता प्रदेश और देश की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा वे भविष्य में भी नई ऊँचाइयों को स्पर्श कर समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करेंगी।





