CM विष्णुदेव साय पहुंचे गिरौदपुरी धाम, गुरुगद्दी में मत्था टेककर लिया आशीर्वाद, प्रदेश की खुशहाली की कामना, श्रद्धालुओं को स्वयं परोसा प्रसाद, मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, होली पर ड्राई डे रहेगा यथावत- मुख्यमंत्री

(रौनक साहू)

BALODABAZAR NEWS। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी की तपोभूमि गिरौदपुरी धाम पहुंचकर गुरुगद्दी में विधिवत पूजा-अर्चना कर मत्था टेका और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री के आगमन से गिरौदपुरी धाम परिसर में श्रद्धा और उत्साह का विशेष वातावरण देखने को मिला।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह गिरौदपुरी पहुंचे। उन्होंने संत बाबा गुरु घासीदास जी के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया तथा प्रदेश के सर्वांगीण विकास की कामना की। उन्होंने कहा कि गिरौदपुरी धाम छत्तीसगढ़ की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां आकर उन्हें आत्मिक शांति व सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होती है।

“श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, स्वयं वितरित किया प्रसाद”

दर्शन उपरांत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच गए और स्वयं अपने हाथों से प्रसाद वितरित किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद किया और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में लोगों ने उनसे मुलाकात की और तस्वीरें भी खिंचवाईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्श समाज को सद्भाव, समानता और भाईचारे का संदेश देते हैं, जिसे आत्मसात करना आवश्यक है।

“मेले के पहले दिन उमड़ी भारी भीड़”

गिरौदपुरी धाम में आयोजित वार्षिक मेले के पहले ही दिन हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे हैं। पूरे क्षेत्र में भक्ति, आस्था और उल्लास का माहौल बना हुआ है।
प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, पेयजल, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती कर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

“होली पर ड्राई डे रहेगा यथावत”

मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि होली पर्व के अवसर पर ड्राई डे को निरस्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि “ड्राई डे रहेगा ही” और शासन के निर्देशानुसार नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सभी लोग होली का पर्व शांति, सौहार्द और सामाजिक समरसता के साथ मनाएं।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखी गई। मुख्यमंत्री के आगमन से क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखा गया।
गौरतलब है कि गिरौदपुरी धाम छत्तीसगढ़ की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं और संत बाबा गुरु घासीदास जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।






इन्हें भी पढ़े