सुशासन तिहार: शिवरीनारायण और बंसुला में लगे जनसमस्या निवारण शिविर, हितग्राहियों को योजनाओं का मिला लाभ

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा । मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai की मंशानुसार जिले में सुशासन तिहार के अंतर्गत लगातार जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को नगर पंचायत शिवरीनारायण के सतसंग भवन एवं जनपद पंचायत बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत बंसुला स्थित पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में शिविर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों और नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रस्तुत कीं।


नगर पंचायत शिवरीनारायण में आयोजित शिविर में वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक के नागरिक शामिल हुए। वहीं बंसुला क्लस्टर अंतर्गत 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने शिविर में सहभागिता की। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

इस दौरान हितग्राहियों को जाल, जाति प्रमाण पत्र, किसान किताब, बी-1, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, नक्शा-खसरा, चेक एवं सम्मान पत्र वितरित किए गए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों की चाबियां भी हितग्राहियों को सौंपी गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।


स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। जनपद पंचायत बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत बंसुला में आयोजित शिविर में कुल 1171 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1108 मांग एवं 63 शिकायत से संबंधित आवेदन शामिल रहे।

शिविर को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोहन कुमारी साहू एवं जिला पंचायत सीईओ Gokul Rawate ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील निराकरण करना है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा चौहान, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

20 मई को अमोरा में लगेगा अगला शिविर:-

सुशासन तिहार अंतर्गत 20 मई को जनपद पंचायत नवागढ़ के ग्राम पंचायत अमोरा स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस क्लस्टर में अमोरा, सेंदरी, महंत, खैरा, दर्री, घुठिया, चौराभांठा, अवरीद, चोरभट्ठी, बुड़ेना, जगमहंत, सिंऊड़, दहिदा, बरबसपुर, सेमरा, तेन्दुआ, गिद्धा, पोंड़ी एवं कोटिया ग्राम पंचायत शामिल रहेंगे।

इन्हें भी पढ़े