बिना अनुमति सड़क निर्माण पर बवाल: नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा जारी NOC पर उठे सवाल, जांच की मांग
(पंकज कुर्रे)
अकलतरा । नगर पंचायत नरियरा के वार्ड क्रमांक 15 में जे.एस.डब्ल्यू. पावर कंपनी लिमिटेड द्वारा बिना सक्षम अनुमति एवं बिना नगर पंचायत की स्वीकृति के सड़क निर्माण कार्य कराए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले को लेकर पार्षद सुशांत कुमार बंजारे, पार्षद दिलचंद बंजारे, पार्षद प्रतिनिधि हरप्रसाद यादव एवं मधु पाटले ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अकलतरा को शिकायत पत्र सौंपकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं ने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि संबंधित निर्माण कार्य नगर पालिका अधिनियम एवं स्थानीय निकाय नियमों के विपरीत कराया जा रहा है। बिना अनुमति सड़क निर्माण किए जाने से भविष्य में निर्माण गुणवत्ता, अभिलेख संधारण एवं शासकीय नियमों के पालन में गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
मामले में कांग्रेस समर्थित नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राधिका सहगल, उपाध्यक्ष प्रीति सत्येंद्र दुबे एवं कांग्रेस पार्षदों द्वारा अध्यक्ष के लेटर पैड पर अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी कर हस्ताक्षर किए जाने पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि किसी भी निर्माण कार्य के लिए विधिवत प्रक्रिया एवं सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति आवश्यक होती है। ऐसे में व्यक्तिगत लेटर पैड पर अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करना नियम विरुद्ध एवं जनभावनाओं के विपरीत प्रतीत होता है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि नगर पंचायत नरियरा द्वारा संबंधित संस्था को नोटिस जारी किया जा चुका है, बावजूद इसके मामले में निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई अब तक नहीं की गई है। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में बिना अनुमति कोई भी निर्माण कार्य न हो सके।
साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनप्रतिनिधियों द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।





