भवानीपुर के पास भीषण सड़क हादसा: रेत से भरी हाइवा और डीजल टैंकर की आमने-सामने टक्कर, दोनों चालक घायल

(नील कमल आज़ाद)

पलारी। गिधपुरी-पलारी मुख्य मार्ग पर ग्राम भवानीपुर के नाला के पास बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रेत से भरी हाइवा और डीजल टैंकर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डीजल टैंकर क्रमांक सीजी 04 एन एफ 7301 बलौदाबाजार स्थित ढाबाडीह पेट्रोल पंप से खाली होकर वापस आ रही थी, जबकि रेत से भरी हाइवा क्रमांक सीजी 22 ए जी 9200 गिधपुरी की ओर से आ रही थी। भवानीपुर नाला के पास दोनों वाहन आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही गिधपुरी थाना प्रभारी उनेस देशमुख अपने टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हरिशचंद्र पटेल पिता रामचरण पटेल उम्र 30 वर्ष निवासी गांधी ग्राम मंदिरहसौद मुकेश टंडन पिता भरत टंडन उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम अकलतरा थाना ग्रामीण भाटापारा

हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारू कराया। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।