हादसा नहीं, हत्या थी! दोस्त की पीट-पीटकर हत्या कर एक्सीडेंट का रचा नाटक
{Pankaj Kurre}
अकलतरा | सोनादुला-सांकर भारतमाला रोड पर 24 जून को हुई संदिग्ध मौत के मामले में अकलतरा पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह सड़क हादसा नहीं, बल्कि हत्या थी, जिसे एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश की गई थी।
मृतक अरविंद सिंह लोधी (26) की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर (23), निवासी दीनदयाल कॉलोनी बिलासपुर को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने सड़क दुर्घटना मानकर धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था।

पुलिस के मुताबिक, ट्रक के लेन-देन को लेकर अरविंद और हेमंत के बीच पुराना विवाद था। घटना वाले दिन शराब पार्टी के दौरान विवाद बढ़ गया। इसके बाद हेमंत ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर अरविंद की लात-घूंसों से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को कार के नीचे डालकर हादसे का रूप देने का प्रयास किया गया।
पुलिस की सघन जांच और पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। मामले में धारा 103(1), 3(5) बीएनएस जोड़ी गई है। घटना में प्रयुक्त कार CG 10 BP 9060 जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं फरार दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।








