जांजगीर चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध रेत परिवहन में 14 हाइवा वाहन जब्त
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत Janjgir-Champa Police ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 हाइवा वाहनों को जब्त किया है। सभी वाहन अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए गए।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक Vijay Kumar Pandey (IPS) के निर्देशन में की गई। एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में थाना अकलतरा पुलिस टीम ने बीती देर रात हाईवे रोड पर दबिश देकर रेत से भरे 14 हाइवा वाहनों को पकड़ा। मौके पर ही सभी वाहनों को जब्त कर लिया गया।
प्रकरण में संबंधित वाहन चालकों एवं मालिकों के विरुद्ध गौण खनिज अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा एवं अकलतरा पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
:-


