मिस छत्तीसगढ़ में केरा गांव की बेटी का जलवा: अपर्णा आदित्य ने फर्स्ट रनर-अप बनकर रचा इतिहास
(मदन खाण्डेकर)
जांजगीर। छत्तीसगढ़ के सबसे प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट मिस छत्तीसगढ़ में एक साधारण किसान परिवार की बेटी ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। केरा गांव की होनहार बेटी अपर्णा आदित्य ने अपनी सादगी आत्मविश्वास और बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर फर्स्ट रनर-अप का खिताब अपने नाम कर प्रदेश भर में गांव का मान बढ़ाया है। अपर्णा आदित्य ने यह साबित कर दिया है कि अगर इरादे बुलंद हों, तो गांव की गलियों से निकलकर बड़े मंचों पर सफलता की इबारत लिखी जा सकती है।
उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान अपनी कला, संस्कृति और परंपरा को आधुनिकता के साथ बखूबी पेश किया, जिसने निर्णायक मंडल और दर्शकों का दिल जीत लिया। अपनी इस ऐतिहासिक कामयाबी पर अपर्णा भावुक नजर आईं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता माधुरी और नरेश आदित्य के आशीर्वाद को दिया। साथ ही, उन्होंने अपनी मौसी डॉ. रश्मि लता राकेश, बहन देवनंदिनी, भाई विमल और मित्र करण देवांगन के अटूट समर्थन को अपनी ताकत बताया। अपर्णा ने विशेष रूप से चिन्हारी मॉडलिंग एकेडमी के प्रेम साईं भगत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन उनकी सफलता में मील का पत्थर साबित हुआ है।अपर्णा की इस बड़ी उपलब्धि से उनके गृह ग्राम केरा सहित पूरे कहरा समाज में हर्षोल्लास का माहौल है। उनकी यह जीत न केवल ग्रामीण युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है, बल्कि यह भी साबित करती है कि यदि सही दिशा मिले, तो ग्रामीण प्रतिभाओं में असीमित संभावनाएं छिपी हैं। स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों का कहना है कि अपर्णा ने अपनी मेहनत से पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।





