अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित

(पंकज कुर्रे)

पामगढ़ । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता शिविर सह सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर माननीय शक्ति सिंह राजपूत के निर्देशानुसार तथा माननीय सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर मनोज कुमार कुशवाहा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति पामगढ़ श्रीमती शीलू केसरी के मार्गदर्शन में अजीज प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में पीएलव्ही गजानंद प्रसाद कश्यप ने उपस्थित सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए महिलाओं के अधिकारों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन नंबर 1091, समानता का अधिकार, मातृत्व लाभ अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम, निःशुल्क कानूनी सहायता, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR), शिक्षा का अधिकार तथा मध्यस्थता की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्रदान की। साथ ही उन्होंने आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में भी उपस्थित महिलाओं को अवगत कराया।

इस अवसर पर पीएलव्ही नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, अजीज प्रेमजी फाउंडेशन के सदस्यगण, आंगनवाड़ी नेवराबंद से सरला दुबे, सोमेश कुमार ठाकुर सहित अन्य अतिथिगण एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को सम्मानित कर उन्हें समाज में सशक्त भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

:- समाचार एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें – 7240976439






इन्हें भी पढ़े