राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता दिवस पर पामगढ़ में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा | राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता दिवस के अवसर पर आज पामगढ़ के राजस्व विभाग के मीटिंग हॉल में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर जयदीप गर्ग तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा के सचिव मनोज कुमार कुशवाहा के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति पामगढ़ श्रीमती शीलू केसरी ने राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता दिवस मनाने के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए वित्तीय प्रबंधन की महत्ता समझाई। उन्होंने निःशुल्क कानूनी सहायता, प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR), आबकारी अधिनियम, टोनही प्रताड़ना अधिनियम, घरेलू हिंसा, गिरफ्तार व्यक्ति के अधिकार एवं महिलाओं के अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही आगामी 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली लोक अदालत के बारे में भी लोगों को जागरूक किया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए पीएलव्ही गजानंद प्रसाद कश्यप ने सखी वन स्टाफ सेंटर, परिवार परामर्श केंद्र तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी और जरूरतमंदों को इन सेवाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया।
इस अवसर पर राधाकांत केसरी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से चिंताराम बंजारे, पीएलव्ही नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सदस्यगण सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


