41 वर्ष की स्वास्थ्य सेवा के बाद LHV जया सरकार सेवानिवृत्त, अधिकारियों-कर्मचारियों ने दी शुभकामनाएं
(Devesh Sahu)
सिमगा। स्वास्थ्य विभाग में 41 वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाली ब्लॉक सिमगा के सेक्टर रावन में पदस्थ रहीं एलएचवी (LHV) श्रीमती जया सरकार 10 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त हुईं। इस अवसर पर ब्लॉक सिमगा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखमय जीवन की कामना की।
श्रीमती जया सरकार स्वास्थ्य विभाग में अपनी कर्तव्यनिष्ठा, संघ के प्रति गहरी निष्ठा, समर्पण और जनसेवा की भावना के लिए जानी जाती रही हैं। अपने 41 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सेवाभाव और कार्य के प्रति समर्पण को याद करते हुए सहकर्मियों ने उनके योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष विजय कुमार साहू ने श्रीमती जया सरकार को सेवानिवृत्ति की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके साथ ड्यूटी के दौरान के अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग में कार्य करना अपने आप में गर्व की बात है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं एवं कार्यक्रमों को धरातल पर लागू करने के साथ ही लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और सीधे जनता से जुड़े रहकर सेवा करने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं।
साहू ने कहा कि श्रीमती जया सरकार ने हमेशा सेवा भावना को प्राथमिकता दी और अपने कार्यों से दूसरों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके सेवाकाल से यह सीख मिलती है कि स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रीमती जया सरकार के लंबे सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उनके द्वारा स्वास्थ्य विभाग में दिए गए योगदान को स्मरण किया।
उक्त ससम्मान कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष विजय कुमार साहू, ब्लॉक अध्यक्ष सिमगा उमेश कुमार साहू, ब्लॉक अध्यक्ष महिला वंदना वर्मा, चेतन साहू, नितेश साहू, संतोष ग्रीतलहरे, आर डी एस यादव, हेमेंद्र वर्मा, योगेश्वर साहू, हेतराम कुर्रे बीपीएम सिमगा, डॉ एम एल ध्रुव डॉ प्रशांत वर्मा सहित सीएचसी सिमगा और सुहेला के ग्रामीण स्वास्थ संयोजक और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी गण शामिल रहे।





