थाना अकलतरा की बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों की लूट में प्रयुक्त इक्को कार बरामद

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा/अकलतरा। थाना अकलतरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वह इक्को कार बरामद की गई है, जिसका उपयोग बिलासपुर के एक ज्वेलरी शोरूम में करोड़ों रुपये की लूट की वारदात में किया गया था।

अमलीपाली से चोरी हुई थी इक्को कार

प्रार्थी दुष्यंत (निवासी ग्राम अमलीपाली, थाना अकलतरा) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16-17 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात आरोपियों ने उनकी इक्को कार (क्रमांक CG 13 N 0999) चोरी कर ली। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 95/2026 धारा 303(2), 112(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

जांच के दौरान पता चला कि चोरी की उक्त कार का उपयोग बिलासपुर स्थित सरकंडा थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 219/2026 में किया गया था। इस मामले में विभिन्न धाराओं के तहत बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज है।

महालक्ष्मी ज्वेलर्स में की थी करोड़ों की लूट

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने अंबिकापुर से एक मोटरसाइकिल चोरी की और उसके बाद अमलीपाली से इक्को कार चुराई। इन दोनों वाहनों का उपयोग कर पांचों आरोपियों ने बिलासपुर स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स में सोना, चांदी और नगदी की करोड़ों रुपये की लूट को अंजाम दिया।

घटना के बाद आरोपी चोरी की बाइक और इक्को कार को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए थे, जिन्हें बिलासपुर पुलिस ने मौके से जप्त कर लिया था।

उत्तर प्रदेश में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी

बिलासपुर पुलिस की सूचना पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने घेराबंदी की। आरोपियों को मिर्जापुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। इसके बाद बिलासपुर पुलिस आरोपियों को अपने प्रकरण में छत्तीसगढ़ लेकर आई, जहां विधिवत गिरफ्तारी की गई।

तकनीकी जांच के दौरान थाना अकलतरा क्षेत्र से चोरी हुई इक्को कार के इंजन एवं चेसिस नंबर का मिलान किया गया, जो लूट की घटना में प्रयुक्त वाहन से मेल खाया। पांचों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पुलिस रिमांड पर लिया गया और वाहन की जब्ती को शुमार किया गया। न्यायालय में पेशी के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

1. विजय लाम्बा (52 वर्ष), ओम विहार उत्तम नगर द्वारका, उत्तर दिल्ली

2. विनोद उर्फ बिनू प्रजापति (33 वर्ष), गणेश चौक जमुना कालरी, थाना भालूमाड़ा, जिला अनूपपुर (मप्र)

3. करीम खान (23 वर्ष), पुरानी बस्ती बरेली, थाना बारादरी, जिला बरेली (उप्र)

4. इरफान अली, झलमला (टिकरीपारा), थाना सीपत, जिला बिलासपुर

5. मोनू उर्फ राहुल उर्फ रोहित गुड़वा, सेक्टर 115 सोरठा, थाना सेक्टर 113, गौतम बुद्ध नगर (उप्र)

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

पूरी कार्रवाई एसडीओपी अकलतरा श्री प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, एएसआई राजेंद्र सिंह क्षत्रिय (पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार) एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा।

इस सफल कार्रवाई से अंतर्राज्यीय गिरोह के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूती मिली है।

:- समाचार एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें – 7240976439






इन्हें भी पढ़े