छत्तीसगढ़ में बड़े प्रशासनिक फेरबदल, कई IAS अधिकारियों के तबादले
(देवेश साहू)
नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने 18 अगस्त 2026 को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों के पदस्थापना एवं अतिरिक्त प्रभार को लेकर आदेश जारी किया है। आदेश के तहत कई जिलों के कलेक्टरों समेत मंत्रालय और विभिन्न विभागों में पदस्थ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
आदेश के अनुसार सोनमणि बोरा को नगरीय शासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव पद पर अस्थायी रूप से पदस्थ करते हुए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं आर. संगीता को सचिव, मंत्रालय के पद पर पदस्थ किया गया है। भुवनेश यादव को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
कांकेर कलेक्टर नीलेशकुमार महादेव क्षीरसागर को संचालक, नगरीय शासन एवं विकास के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भोसकर विलास संदिपान को वर्तमान दायित्वों के साथ प्रबंध संचालक, नागरिक आपूर्ति निगम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
रिमिजियस एक्का को विशेष सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के पद पर पदस्थ करते हुए मिशन संचालक, जल जीवन मिशन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। रणबीर शर्मा को गरियाबंद कलेक्टर तथा कुंदन कुमार को कांकेर कलेक्टर के पद पर पदस्थ किया गया है। अमृत विकास तोपनो को मुंगेली कलेक्टर और जयश्री जैन को सक्ती कलेक्टर बनाया गया है।
इसके अलावा तुलिका प्रजापति को कबीरधाम कलेक्टर, भगवान सिंह उइके को सामान्य प्रशासन विभाग में संयुक्त सचिव, गोपाल वर्मा को वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में संयुक्त सचिव तथा गजेन्द्र सिंह ठाकुर को समाज कल्याण विभाग के संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
आदेश में अन्य अधिकारियों की भी नई पदस्थापना की गई है। तनुजा सलाम को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी कलेक्टर, रोमा श्रीवास्तव को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सरगुजा और लीना कोसम को आयुक्त, नगर पालिक निगम दुर्ग के पद पर पदस्थ किया गया है।
यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार द्वारा जारी किया गया है।












