भाटापारा को मिली बड़ी सौगात: दुर्ग–हटिया एक्सप्रेस का नियमित स्टॉपेज शुरू, राज्यसभा सांसद ने दिखाई हरी झंडी

(देवेश साहू)

भाटापारा। भाटापारा रेलवे स्टेशन में दुर्ग–हटिया एक्सप्रेस का नियमित ठहराव शुरू हो गया। सप्ताह में दो दिन मिलने वाली इस सुविधा से क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

इस अवसर पर रेलवे स्टेशन में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। खास बात यह रही कि पहली बार किसी राज्यसभा सांसद ने भाटापारा स्टेशन पर उपस्थित होकर ट्रेन को रवाना किया।

सांसद वर्मा ने इस दौरान महिला एवं पुरुष लोको पायलटों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया तथा मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही और पूरे स्टेशन परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में भाटापारा चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी, सिख समाज के प्रतिनिधि, महिला मंडल की सदस्याएं तथा भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के पदाधिकारी, वरिष्ठ पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। स्टेशन मास्टर अजय कुमार, आरपीएफ एवं जीआरपीएफ की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

इस दौरान छत्तीसगढ़ सिख संगठन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अमरजीत सिंह सलूजा ने स्टेशन के अधूरे निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने और यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म पर लिफ्ट की व्यवस्था करने की मांग रखी। इस पर सांसद लक्ष्मी वर्मा ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि वे जल्द ही रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करेंगी।

नई रेल सुविधा को भाटापारा के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र के यातायात, व्यापार और संपर्क व्यवस्था को नई गति मिलेगी।

इन्हें भी पढ़े