करनोद में बड़ा सड़क हादसा: ओवरलोड यात्री बस पलटी, एक दर्जन गंभीर रूप से घायल

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा। बिर्रा थाना क्षेत्र के करनोद गांव के पास आज एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां ओवरलोड यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में क्षमता से अधिक करीब 60-70 यात्री सवार थे, जिससे दुर्घटना का असर और भी गंभीर हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।

इस दुर्घटना में करीब एक दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, अन्य घायलों का इलाज नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

सूचना मिलते ही बिर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में बस के ओवरलोड होने और तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

इन्हें भी पढ़े