नपा अध्यक्ष नागेश्वर साहू बने युवा प्रकोष्ठ के संयोजक, साहू समाज में उत्साह का माहौल
(रौनक साहू)
कसडोल। साहू समाज जिला युवा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक पद पर नगर पंचायत कसडोल अध्यक्ष नागेश्वर साहू की नियुक्ति से नगर सहित पूरे जिले के साहू समाज में खुशी की लहर व्याप्त है। युवाओं में उत्साह का वातावरण है तथा सभी ने इसे समाज के लिए गौरव और सम्मान का विषय बताया।
युवाओं ने विश्वास जताया कि नागेश्वर साहू के नेतृत्व में साहू समाज को एकजुट कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा तथा समाज को नई दिशा और पहचान मिलेगी। समाजहित, एकता एवं जनसेवा की भावना को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। नगर आगमन पर युवाओं एवं समाजजनों द्वारा भव्य आतिशबाजी, फूल-मालाओं एवं जोरदार स्वागत के साथ उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान नगर का वातावरण उत्साह और खुशी से सराबोर दिखाई दिया तथा समाज के युवाओं ने मिठाइयां बांटकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर नपा अध्यक्ष नागेश्वर साहू ने साहू समाज के प्रदेश, जिला, तहसील एवं नगर स्तर के समस्त अध्यक्षों, पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों एवं युवा साथियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही नगर एवं जिला साहू समाज के समस्त पदाधिकारियों एवं युवाओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि समाज द्वारा दिए गए इस महत्वपूर्ण दायित्व का वे पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि साहू समाज के युवाओं को संगठित कर समाज को मजबूत एवं प्रगतिशील बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
साथ ही नगर, जिला एवं प्रदेश के युवाओं को एकजुट कर जनसेवा, सामाजिक एकता और समाज उत्थान के कार्यों में आगे लाने का निरंतर प्रयास किया जाएगा।


