भीषण गर्मी में पशु पक्षियों के लिए शक्ति स्वरुपा महिला कल्याण समिति का अभिनव प्रयास, नि:शुल्क सीमेंट से बने कोटना एवं सकोरे का वितरण

(रौनक साहू)

कसडोल । शक्ति स्वरूपा महिला कल्याण समिति की अध्यक्ष डॉ. वर्षा शर्मा ने बताया कि गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों को पानी एवं भोजन की अत्यधिक आवश्यकता होती है। ऐसे समय में समाज के प्रत्येक व्यक्ति का यह नैतिक एवं मानवीय दायित्व है कि वह जीव-जंतुओं की सेवा के लिए आगे आए। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए समिति द्वारा यह सेवा अभियान प्रारम्भ किया गया है।

समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष नि:शुल्क कोटना एवं सकोरे का वितरण किया जाता है। तुरतुरिया क्षेत्र में भी बंदरों एवं अन्य मूक प्राणियों के लिए भी कोटना और सकोरे रखे गए हैं। साथ ही कसडोल नगर के विभिन्न वार्डों में गौवंश, पक्षियों एवं अन्य जीवों के लिए पानी और चारे की व्यवस्था की गई है। समिति के इस सराहनीय कार्य से कसडोल क्षेत्र के प्रबुद्धजन, नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू सहित आम नागरिक अत्यंत प्रसन्न हैं तथा सभी ने समिति की प्रशंसा की है|

इसके अलावा समिति द्वारा समय-समय पर अनेक सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्य किए जाते हैं। दीपावली के अवसर पर जरूरतमंद बच्चों को मिठाई, कॉपी, पुस्तक एवं पेन का नि:शुल्क वितरण किया जाता है। “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के अंतर्गत जरूरतमंद बेटियों को नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने का कार्य भी किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु जागरूकता अभियान, प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार से जोड़ने जैसे प्रयास निरंतर किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम का आयोजन इंदिरा देवी गौरहा उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू, पूर्व नगर पं. अध्यक्ष नीलू चंदन साहू, समिति की उपाध्यक्ष सृष्टि मिश्रा, सचिव श्रीमती डिंगेश्वरी नामदेव, कोषाध्यक्ष श्रीमती कुमुदिनी मिश्रा, सह सचिव श्रीमती कलाराव, मीडिया प्रभारी श्रीमती वर्षा पंजवानी, सांस्कृतिक प्रभारी श्रीमती राजिम साहू सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इस पुनीत सेवा कार्य में समिति की सक्रिय सदस्य श्रीमती अंजनी साहू,श्रीमती वंदना बंजारे, श्रीमती लक्ष्मी साहू, रुखमणी पंकज, भावना यादव, श्रीमती लक्ष्मी पैकरा, श्रीमती सरिता देवांगन, संगीता यादव, परमेश्वरी राव एवं ऋतु राव की विशेष सहभागिता रही।

समिति के सदस्यों ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों एवं सार्वजनिक स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी के सकोरे रखें तथा गौवंश एवं अन्य पशुओं के लिए पानी एवं चारे की व्यवस्था बनाये रखे, ताकि भीषण गर्मी में बेजुबान जीवों को राहत मिल सके।

यह सेवा कार्य क्षेत्र में मानवता, सामाजिक जिम्मेदारी एवं जीव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर लोगों को प्रेरित कर रहा है।

इन्हें भी पढ़े