भव्य कलश यात्रा के साथ आज से संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, जयपुरिया परिवार की तैयारियां पूर्ण

(मदन खांडेकर)

बिर्रा- बम्हनीडीह में जयपुरिया परिवार के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ 13 सितंबर से भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है तथा आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।


आयोजन समिति के अनुसार 13 सितंबर को सुबह 10 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। श्रद्धालु महिलाएं एवं भक्तजन कलश यात्रा में शामिल होकर नगर भ्रमण करेंगे। इसके पश्चात सुखदेव आगमन एवं विधिवत पूजन-अर्चन के साथ कथा का शुभारंभ होगा।
संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का रसपान प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित डॉ. अनिरुद्धाचार्य महाराज के श्रीमुख से कराया जाएगा। प्रतिदिन कथा का आयोजन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा।

कथा कार्यक्रम के तहत 14 सितंबर को ध्रुव चरित्र, 15 सितंबर को प्रह्लाद चरित्र एवं गजेन्द्र मोक्ष, 16 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं नंदोत्सव, 17 सितंबर को बाल लीलाएं एवं माखन चोरी प्रसंग, 18 सितंबर को रुक्मिणी विवाह एवं सुदामा चरित्र तथा 19 सितंबर को नवयोगेश्वर संवाद, द्वादश स्कंध एवं कथा विश्राम का आयोजन होगा।


जयपुरिया परिवार ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से कथा स्थल पर पहुंचकर भगवान की पावन कथा श्रवण करने एवं धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है। आयोजन को सफल बनाने के लिए परिवार एवं समिति के सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।

इन्हें भी पढ़े