लावारिस हालत में मिला नवजात शिशु, महिला एवं बाल विकास व पुलिस की टीम ने सुरक्षित संरक्षण दिलाया

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा । जिले के बिर्रा क्षेत्र में एक नवजात शिशु के लावारिस अवस्था में मिलने का मामला सामने आया है। महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नवजात को सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनीता अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेन्द्र सिंह जायसवाल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

बताया गया कि ग्राम बिर्रा क्षेत्र अंतर्गत बनडभरा निवासी मनोज कश्यप (पिता रामप्रसाद कश्यप, उम्र 30 वर्ष) ने पुलिस विभाग को सूचना दी कि उनके घर की बाड़ी में बने बाथरूम की दीवार के किनारे जमीन पर एक अज्ञात नवजात बालक असुरक्षित और लावारिस हालत में पड़ा हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी अज्ञात महिला द्वारा नवजात को परित्याग करने की नीयत से वहां छोड़ दिया गया था।

सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के सहयोग से जिला बाल संरक्षण इकाई की टीम और चाइल्ड लाइन के सदस्य तत्काल मौके पर पहुंचे। टीम ने नवजात को सुरक्षित वहां से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों द्वारा चिकित्सकीय जांच की गई। जांच में शिशु पूरी तरह स्वस्थ पाया गया।

आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद नवजात शिशु को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति ने शिशु के हितों को ध्यान में रखते हुए उसे तत्काल मातृ छाया विशेषीकृत दत्तक ग्रहण एजेंसी, कोरबा में सुरक्षित संरक्षण प्रदान करने का निर्देश दिया।

इस पूरी कार्रवाई में महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग और चाइल्ड लाइन की टीम की सक्रिय भूमिका रही, जिससे समय रहते नवजात को सुरक्षित संरक्षण मिल सका।






इन्हें भी पढ़े