चंगोरी में केवट निषाद समाज का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, समाज की एकजुटता और शिक्षा पर दिया गया जोर

(मदन खाण्डेकर)

गिधौरी। चंगोरी परिक्षेत्र केवट निषाद समाज द्वारा आयोजित शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह में समाज की एकजुटता, संगठन की मजबूती और शिक्षा के महत्व का संदेश देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं वरिष्ठजन शामिल हुए। समारोह में प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक कुंवर सिंह निषाद तथा विधायक संदीप साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान नव नियुक्त पदाधिकारियों को विधिवत शपथ दिलाई गई। समाज अध्यक्ष अर्जुन निषाद, कोषाध्यक्ष सत्यवान केवट, सचिव जोतराम निषाद सहित सभी पदाधिकारियों ने समाज हित में कार्य करने तथा संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा समाज की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि समाज की एकता और शिक्षा ही विकास का आधार है तथा संगठित समाज ही मजबूत समाज बनता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संदीप साहू ने समाज की मांग पर 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। घोषणा के बाद समाजजनों में खुशी का माहौल देखने को मिला। उन्होंने कहा कि समाज के विकास एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा।

इस अवसर पर गायत्री कैवर्त उपाध्यक्ष प्रदेश संगठन, मन्नू माधव केवट अध्यक्ष बारापाली परिक्षेत्र, प्रवेश निषाद कोषाध्यक्ष ससहा-भिलौनी परिक्षेत्र, धनेश कैवर्त संभागीय अध्यक्ष बिलासपुर, नारद निषाद अध्यक्ष जिला बिलासपुर सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मंच संचालन नारायण केवट ने किया, वहीं आभार प्रदर्शन समाज अध्यक्ष अर्जुन निषाद ने किया। चंगोरी में आयोजित यह शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह समाज की एकता, शिक्षा और संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक बनकर सामने आया।

इन्हें भी पढ़े