अकलतरा में पेयजल संकट पर बवाल: वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद धरने पर, नगर पालिका अध्यक्ष पर लगाए गंभीर आरोप
(पंकज कुर्रे)
अकलतरा । भीषण गर्मी के बीच अकलतरा नगर में गहराते पेयजल संकट को लेकर अब राजनीतिक माहौल भी गर्माने लगा है। नगर पालिका परिषद अकलतरा के वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद विजय खण्डेल ने नगर में पानी की गंभीर समस्या, विकास कार्यों में हो रही देरी और परिषद की बैठक नहीं बुलाए जाने के विरोध में नगर पालिका के मुख्य द्वार के सामने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। धरने के दौरान उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष की कार्यशैली पर कई गंभीर आरोप लगाए और प्रशासनिक लापरवाही को जनता की परेशानियों का मुख्य कारण बताया।
पार्षद विजय खण्डेल ने आरोप लगाया कि नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा जानबूझकर परिषद की बैठक नहीं बुलाई जा रही है, जिसके चलते नगर के कई जरूरी विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि परिषद की बैठक नहीं होने से पेयजल व्यवस्था, बोर खनन, पाइपलाइन विस्तार और अन्य जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव लंबित पड़े हैं, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

धरने पर बैठे पार्षद ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में नगर के कई वार्ड सूखाग्रस्त जैसी स्थिति में पहुंच चुके हैं। लोगों को प्रतिदिन पीने के पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। कई परिवार टैंकरों के भरोसे जीवनयापन करने को मजबूर हैं, जबकि नगर पालिका प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर उदासीन बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि नगर पालिका अध्यक्ष को वास्तव में नगरवासियों की चिंता होती तो गर्मी शुरू होने से पहले परिषद की बैठक बुलाकर पेयजल संकट से निपटने की तैयारी की जाती।
विजय खण्डेल ने यह भी आरोप लगाया कि वार्ड क्रमांक 16 में चिन्हित स्थानों पर बोर खनन और पाइपलाइन विस्तार के लिए कई बार लिखित आवेदन दिए गए, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे वार्डवासियों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका प्रशासन जनता की मूलभूत समस्याओं को नजरअंदाज कर रहा है और जनप्रतिनिधियों की मांगों को भी गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में वार्डवासी भी मौजूद रहे। नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए लोगों को आंदोलन करना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। प्रदर्शनकारियों ने जल्द से जल्द पेयजल समस्या का समाधान करने और लंबित विकास कार्य शुरू करने की मांग की।
इधर इस धरना प्रदर्शन के बाद नगर की राजनीति भी गरमा गई है। नगर पालिका अध्यक्ष की कार्यप्रणाली को लेकर अब विपक्षी पार्षदों सहित कई जनप्रतिनिधि सवाल उठाने लगे हैं। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और अधिक तूल पकड़ सकता है।


