PAMGARH: “पैसा डबल” के लालच में 18 लाख की ठगी, जमीन-शेयर मार्केट निवेश का झांसा देने वाला आरोपी गिरफ्तार

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा। पामगढ़ थाना क्षेत्र में “पैसा डबल” करने का लालच देकर 18 लाख रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को पामगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी लोगों को जमीन खरीदी-बिक्री में पार्टनरशिप और शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर ठगी करता था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी विरेन्द्र कुमार दिवाकर (38 वर्ष) निवासी कटौद थाना नवागढ़, हाल मुकाम पामगढ़, इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालित करता है। आरोपी ने ग्राम चेउडीह निवासी प्रार्थी कार्तिकेश्वर रात्रे की आर्थिक परेशानी का फायदा उठाते हुए निवेश करने पर रकम डबल होने का भरोसा दिलाया।

प्रार्थी आरोपी की बातों में आ गया और फरवरी 2025 से अप्रैल 2025 के बीच ऑनलाइन व नगद मिलाकर कुल 18 लाख रुपये उसे दे दिए। रकम की व्यवस्था करने के लिए प्रार्थी ने अपना खेत तक गिरवी रख दिया और परिचितों से भी पैसे उधार लिए।

आरोपी लगातार जमीन दिखाने और शेयर मार्केट में पैसा फंसा होने का बहाना बनाता रहा, लेकिन न तो निवेश का कोई लाभ मिला और न ही रकम वापस की गई। शिकायत मिलने पर थाना पामगढ़ में 20 मई 2026 को आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी एवं एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पामगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में उप निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, आरक्षक बेदराम पटेल, विनोद मनहर एवं थाना पामगढ़ स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पैसा डबल करने, फर्जी निवेश योजनाओं और शेयर मार्केट में त्वरित मुनाफे का लालच देने वाले लोगों से सावधान रहें। किसी भी निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।

इन्हें भी पढ़े