जांजगीर-चांपा में होली पर पुलिस अलर्ट: चाक-चौबंद सुरक्षा, हुड़दंगियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा । आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। 03 मार्च 2026 की रात्रि को होलिका दहन तथा 04 मार्च 2026 को होली का त्योहार जिलेभर में मनाया जाएगा। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में विशेष टीमों का गठन कर सघन पेट्रोलिंग शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में फिक्स पॉइंट चिन्हांकित कर ड्यूटी लगाई गई है।

जिलेभर में सघन पेट्रोलिंग

थाना/चौकी जांजगीर, नैला, अकलतरा, कोटमीसोनार, मुलमुला, बलौदा, पंतोरा, पामगढ़, शिवरीनारायण, राहौद, नवागढ़, चांपा, बम्हनीडीह, बिर्रा और सारागांव में अलग-अलग पेट्रोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। बाइक पेट्रोलिंग के माध्यम से गांव और शहर की सकरी गलियों तक पुलिस की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है।

“चीता स्क्वाड” की तैनाती

असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों पर नजर रखने के लिए जिले के सभी थाना/चौकियों में “चीता स्क्वाड” टीम गठित की गई है। यह टीम त्योहार के दौरान शांति भंग करने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई करेगी।

इन पर होगी कड़ी कार्रवाई

• डीजे बजाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई

• दोपहिया वाहन में तीन सवारी बैठाने वालों पर कार्रवाई

• मुखौटा लगाकर या शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्यवाही

• हुड़दंग, बदमाशी और शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर कठोर कानूनी कदम

• पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी या अशांति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि—

• होली का त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं।

• किसी पर जबरन रंग न डालें और न ही जबरन चंदा वसूली करें।

• महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार न करें।

• हानिकारक पदार्थों (पेंट, ग्रीस, कीचड़ आदि) का उपयोग न करें।

• नशे की हालत में वाहन न चलाएं।

• सार्वजनिक, शासकीय या निजी संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं।

• पुरानी रंजिशों को होली के बहाने हवा न दें।

पुलिस प्रशासन ने कहा है कि जनता के सहयोग से ही त्योहार शांति और भाईचारे के साथ संपन्न हो सकता है। सभी नागरिक नियमों का पालन करें और सुरक्षित होली मनाएं।






इन्हें भी पढ़े