HPCL के नाम पर डुप्लीकेट ऑयल बेचने वालों पर पुलिस की रेड, 2.50 लाख का माल जब्त
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा | हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी (HPCL) के नाम पर डुप्लीकेट तेल बेचने की शिकायत पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली जांजगीर और थाना चाम्पा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन दुकानों पर रेड कर हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के नाम एवं पैकिंग में रखे डुप्लीकेट तेल के कुल 56 नग जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
तीन दुकान संचालकों के कब्जे से 56 नग डुप्लीकेट तेल जब्त
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान 44 नग बड़े बकेट और 12 नग छोटे केन, कुल 56 नग डुप्लीकेट तेल बरामद किए गए। मामले में तीन दुकान संचालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान इस प्रकार बताई है—
1. सुरेश अग्रवाल, पिता स्व. देवदत्त अग्रवाल, उम्र 50 वर्ष, निवासी स्टेशन रोड, बरपाली चौक, चाम्पा।
2. अमन शर्मा, पिता अशोक शर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी नेताजी चौक, जांजगीर।
3. नीरज अग्रवाल, पिता स्व. बद्री प्रसाद अग्रवाल, निवासी दुर्गा ऑटोमोबाइल, चाम्पा।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई कार्रवाई
जिले में कंपनी के नाम पर नकली एवं डुप्लीकेट उत्पादों की बिक्री की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने ऐसे अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
निर्देश के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क एवं नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली और थाना चाम्पा पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। टीमों द्वारा क्षेत्र में नकली एवं डुप्लीकेट उत्पादों की बिक्री पर लगातार निगरानी और जांच की जा रही थी।
इसी क्रम में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के नाम पर डुप्लीकेट तेल बेचे जाने की शिकायत मिलने पर पुलिस टीमों ने संदिग्ध दुकानों में रेड कार्रवाई की। जांच के दौरान तीन दुकान संचालकों के कब्जे से HPCL के नाम एवं पैकिंग में डुप्लीकेट तेल बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
दस्तावेज और बिक्री संबंधी जानकारी की जांच जारी
पुलिस द्वारा बरामद सामग्री के संबंध में दस्तावेज, खरीद-बिक्री एवं अन्य संबंधित जानकारी की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया कंपनी के अधिकृत उत्पाद के नाम और पैकिंग का दुरुपयोग कर ग्राहकों को डुप्लीकेट तेल बेचे जाने की जानकारी सामने आई है। जब्त सामग्री का सत्यापन एवं आवश्यक जांच भी कराई जा रही है।
मामले में संबंधित दुकान संचालकों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नकली सामान की जानकारी मिलने पर पुलिस को दें सूचना
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी दुकान या व्यक्ति द्वारा नकली अथवा डुप्लीकेट उत्पाद बेचे जाने की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि जिले में नकली और डुप्लीकेट उत्पादों की बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी।
इन पुलिसकर्मियों का रहा विशेष योगदान
उपरोक्त कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली; निरीक्षक अशोक वैष्णव, थाना प्रभारी चाम्पा; उप निरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक चंद्रवंशी, उप निरीक्षक भवानी सिंह चौहान, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमारी, मुकेश कुमार पांडेय, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, प्रकाश चंद्र राठौर, आरक्षक प्रकाश राठौर, आरक्षक संतुका एवं विनोद राठौर का विशेष योगदान रहा।








