बलौदाबाजार-लवन मार्ग पर दो कारों में भिड़ंत, बड़ा हादसा टला
(देवेश साहू)
बलौदाबाजार। शहर के बलौदाबाजार–लवन मार्ग पर दुर्गा कैरियर के पास सोमवार की दोपहर दो कारों में जोरदार भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि एक कार डिवाइडर पार कर रही थी, इसी दौरान लवन मार्ग की ओर से आ रही दूसरी कार ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं, हालांकि राहत की बात रही कि दुर्घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
शहर में जगह-जगह डिवाइडर पर बने कट को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन कट के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। दुर्गा कैरियर के पास भी इससे पहले कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
शहरवासियों ने मांग की है कि शहर के डिवाइडर को यातायात नियमों के अनुरूप व्यवस्थित किया जाए और अनावश्यक कट को बंद कर दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए।








