विकासखंड शिक्षा अधिकारी पामगढ़ के नेतृत्व में शाला प्रवेश उत्सव-2026 की तैयारी बैठक आयोजित

(पंकज कुर्रे)

पामगढ़ । छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप शाला प्रवेश उत्सव-2026 के सफल आयोजन एवं शत-प्रतिशत छात्र नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक सिन्हा के मार्गदर्शन में विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामेंद्र कुमार जोशी के नेतृत्व में विकासखंड स्तरीय समीक्षा एवं तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकासखंड के समस्त 34 संकुल समन्वयक, 155 प्राथमिक शालाओं के प्रधान पाठक, 76 माध्यमिक (मिडिल) विद्यालयों के प्रधान पाठक सहित शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं शाला प्रवेश उत्सव की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामेंद्र कुमार जोशी ने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे को विद्यालय एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने का जन-अभियान है। उन्होंने सभी विद्यालयों को निर्देशित किया कि शाला प्रवेश उत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, बैनर-पोस्टर लगाए जाएं, रैली निकाली जाए तथा जनप्रतिनिधियों, पालकों एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी बच्चा विद्यालय से वंचित न रहे।

बैठक में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार सोनी एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी जयराम सारथी ने शासन के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक तैयारियों एवं कार्ययोजना पर विस्तार से जानकारी देते हुए महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शाला प्रारंभ होने से पूर्व विद्यालय भवन, परिसर एवं कक्षाओं की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण कर आकर्षक वातावरण तैयार किया जाए। विद्यालयों में अध्ययन-अध्यापन के लिए सकारात्मक एवं उत्साहपूर्ण माहौल बनाया जाए, जिससे विद्यार्थियों का स्वागत गरिमापूर्ण ढंग से हो सके।

उन्होंने निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी से प्राथमिक विद्यालय तथा प्राथमिक से माध्यमिक विद्यालय में प्रवेश लेने वाले बच्चों का सुगम संक्रमण (ट्रांजिशन) सुनिश्चित किया जाए तथा विद्यालय छोड़ चुके एवं ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही शिक्षकों द्वारा आगामी तीन माह का अध्यापन रोडमैप तैयार किया जाए एवं विद्यार्थियों तथा शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएं।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि स्थानीय समुदाय, आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूहों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से शाला प्रवेश उत्सव को जनभागीदारी का स्वरूप दिया जाए। जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों द्वारा विद्यालयों का सतत निरीक्षण कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। उत्सव के दौरान पालकों एवं ग्रामवासियों को विद्यालय में आमंत्रित कर निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों, गणवेश एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही बोर्ड एवं स्थानीय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा तथा नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया जाएगा। विद्यालय के उत्कृष्ट पालकों एवं शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग देने वाले नागरिकों का भी सम्मान किया जाएगा।

बैठक के अंत में विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामेंद्र कुमार जोशी ने सभी शिक्षकों एवं अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए “हर बच्चा विद्यालय में, हर बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़े” के लक्ष्य को साकार करने का आह्वान किया तथा शाला प्रवेश उत्सव-2026 को जनसहभागिता के साथ सफल बनाने का संकल्प दिलाया।

इन्हें भी पढ़े