राष्ट्रीय अधिवेशन से लौटे भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, जिला बालोद के प्रतिनिधि

(दीपक देवदास)

गुरुर। राष्ट्रीय भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के तत्वावधान में अयोध्या (उत्तर प्रदेश) में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में सम्मिलित होकर जिला बालोद का प्रतिनिधि मंडल सकुशल वापस लौट आया है। प्रतिनिधि मंडल ने जिला अध्यक्ष श्री डी. आर. गजेन्द्र के नेतृत्व में अधिवेशन में सहभागिता की।

इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देश के 22 राज्यों से लगभग 1200 प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिसमें छत्तीसगढ़ से लगभग 20 प्रतिशत प्रतिभागी शामिल रहे। जिला बालोद से अधिवेशन में भाग लेने वालों में श्री डी.डी. साहू (जिला महामंत्री), श्री बीरू साहू (उपाध्यक्ष), श्री जयप्रकाश राजपूत, श्री हेमन्त गिरि गोस्वामी, श्री रोहित चन्द्राकर, श्री नेमसिंह साहू, श्री नन्दकुमार साहू, श्री यू.एस. नागवंशी, श्री कराव साहू एवं श्री वासुदेव चौबरी प्रमुख रूप से शामिल थे।

जिला अध्यक्ष श्री डी. आर. गजेन्द्र ने जानकारी देते हुए बताया कि अधिवेशन में मध्यप्रदेश पुनर्गठन के समय लागू धारा 49/6 के कारण कर्मचारियों, अधिकारियों एवं पेंशनरों के डीए/डीआर में आ रही बाधाओं को समाप्त करने पर विशेष रूप से चर्चा की गई। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाले लाभ, निःशुल्क जीवनपर्यंत चिकित्सा सुविधा, तथा राज्य सरकार द्वारा केंद्र सरकार के समान उसी तिथि से संपूर्ण महंगाई भत्ते के भुगतान की मांग पर जोर दिया गया।

अधिवेशन के उपरांत प्रतिनिधि मंडल ने धार्मिक यात्रा के अंतर्गत अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन, काशी में विश्वनाथ धाम, छतरपुर में बागेश्वर धाम, खजुराहो के मंदिर तथा मैहर में माँ शारदा के दर्शन भी किए।

श्री गजेन्द्र ने बताया कि भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की अगली राष्ट्रीय बैठक तीन माह पश्चात दिल्ली में आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी राज्यों की प्रमुख मांगों को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को सौंपा जाएगा। इससे विभिन्न राज्यों के पेंशनरों को हो रही वित्तीय कठिनाइयों के समाधान की दिशा में सार्थक पहल होने की उम्मीद है।

डी. आर. गजेन्द्र

जिला अध्यक्ष, भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, बालोद