पचपेड़ी में हनीट्रैप का सनसनीखेज खुलासा: बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को बुलाकर बनाया अश्लील वीडियो, फिर मांगे 1 लाख रुपये… महिला गिरफ्तार

(पंकज कुर्रे)

बिलासपुर/पचपेड़ी। जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला ने युवक को अपने बेटे की बर्थडे पार्टी में बुलाकर जाल में फंसाया, उसका अश्लील वीडियो बनाकर एक लाख रुपये की मांग की और पैसे नहीं देने पर सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देने लगी। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपिया महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने 6 मार्च 2026 को पचपेड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने बताया कि 1 फरवरी 2026 की शाम धुर्वाकारी निवासी रोशनी खुंटे ने उसे अपने बेटे की बर्थडे पार्टी में बुलाया था। जब वह वहां पहुंचा तो उसकी एक महिला मित्र पहले से मौजूद थी।

आरोप है कि पार्टी शुरू होने से पहले ही रोशनी खुंटे ने अपने घर के अन्य परिजनों को बाहर भेज दिया और प्रार्थी व उसकी महिला मित्र को बेडरूम में जाने के लिए कहा। कमरे में पहले से साफ बेडशीट बिछाई गई थी और खिड़कियों पर परदे लगाए गए थे। महिला ने दोनों को शारीरिक संबंध बनाने के लिए उकसाया।

प्रार्थी के मुताबिक जब वह अपनी महिला मित्र के साथ कमरे में गया तो उन्हें इस बात की भनक तक नहीं थी कि उनकी गतिविधियों को छिपकर रिकॉर्ड किया जा रहा है। बाद में आरोपिया महिला ने युवक को मोबाइल पर वीडियो का स्क्रीनशॉट भेजते हुए दावा किया कि उसने पूरा वीडियो बना लिया है।

एक लाख रुपये की मांग, नहीं देने पर वायरल की धमकी

इसके बाद महिला ने युवक पर दबाव बनाते हुए 1 लाख रुपये की मांग की। पैसे नहीं देने पर वीडियो को सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी दी गई। लगातार ब्लैकमेलिंग और मानसिक दबाव से परेशान होकर युवक ने आखिरकार पुलिस की शरण ली और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार

शिकायत के आधार पर पचपेड़ी पुलिस ने रोशनी खुंटे (28 वर्ष) निवासी हेडसपुर थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा, हाल मुकाम धुर्वाकारी थाना पचपेड़ी के खिलाफ धारा 308(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

प्रारंभिक जांच में मामला हनीट्रैप जैसी सुनियोजित साजिश का प्रतीत हो रहा है, जिसमें युवक को फंसाकर उसका वीडियो बनाकर जबरन वसूली करने की कोशिश की गई।

अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम में आरोपिया महिला के साथ कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह भी शामिल तो नहीं है।

यह घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोग इसे हनीट्रैप के संगठित नेटवर्क से जोड़कर भी देख रहे हैं।






इन्हें भी पढ़े