बारिश होते ही भर जाता है पानी, वार्डवासी परेशान
कसडोल। नगर के पारस नगर सेक्टर 2 की एक गली में पानी गिरते ही घुटना भर पानी भर जाता है जिसके कारण आने जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ज्ञात हो कि पारस नगर सेक्टर 2 में हाई स्कूल के पीछे से जाने वाली गली में मोड के पास गली में पानी निकासी के लिए जगह नहीं होने के कारण और निचली जगह होने के कारण थोड़ा भी पानी गिरते ही भर जाता है जिसके कारण यहां के लोगों को आने जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है वही ज्यादा पानी गिरने से दुबे परिवार के घर में भी गली का पानी घुस जाता है जिससे उक्त परिवार के लोगों का घर में रहना मुश्किल हो जाता है।
इसकी सूचना मोहल्ले वालों द्वारा नगर पंचायत को दी गई थी जिसके बाद नगर पंचायत द्वारा आधे अधूरे कार्य करते हुए कुछ हिस्से को बनाया और आधा अधूरा छोड़ दिया गया जिससे निकासी बंद हो गया और पहले की तुलना में ज्यादा पानी भरने लग गया।
इसी तरह मंगलवार को क्षेत्र में हुईं बारिश से उक्त गली में पानी भर गया है जिसकी सूचना नगर पंचायत को दी गई है। सूचना मिलने पर यहां के एक कर्मचारी द्वारा उक्त स्थल पहुंचकर स्थल निरीक्षण भी किया गया लेकिन उसके बाद कोई सार्थक कार्रवाई नहीं हुई।


