शिवरीनारायण से खरौद हेतु विशाल शाही कांवड़ यात्रा संपन्न 20 हजार से अधिक शिवभक्त हुए शामिल

(मदन खांडेकर)

शिवरीनारायण धर्म एवं अध्यात्म की नगरी में सावन के पावन अवसर पर धार्मिक नगरी शिवरीनारायण में भव्य एवं विशाल शाही कांवड़ यात्रा निकाली गई। रपटा घाट से पवित्र जल भरकर शुरू हुई यात्रा अंबेडकर चौक, बॉम्बे मार्केट, वीडियो चौक, नटराज चौक और शबरी चौक होते हुए खरौद पहुंची। यात्रा में 20 हजार से अधिक शिवभक्त शामिल हुए। पांच स्पेशल डीजे, एक धुमाल, उज्जैन की विशेष झांकी तथा भगवान शिव, माता पार्वती और मां काली के मनमोहक स्वरूपों ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया।


यात्रा में भव्य आतिशबाजी और आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। नंदी महाराज पर विराजमान भगवान शिव-पार्वती की जीवंत झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। वहीं आर्टिफिशियल गोरिल्ला और टेड्डी वियर बच्चों के बीच आकर्षण का केंद्र रहे।


रात करीब 10 बजे शाही कांवड़ यात्रा खरौद पहुंची। यात्रा में नगर के सभी वर्गों के व्यापारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के स्थानीय नेता, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर इस भव्य धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाई।

कांवड़ यात्रा के दौरान शिवरीनारायण पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए यात्रा को सुचारु रूप से संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाई। भव्य एवं ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा में सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता की अनुपम झलक देखने को मिली।

इन्हें भी पढ़े