खबर का हुआ असर: खबर शतक की खबर पर लगा मोहर, रविवार को नंदनिया रेत घाट में अवैध उत्खनन की खबर का किया था प्रकाशन, चैन माउंटेन उपयोग पर होगा FIR, कलेक्टर ने दिया निर्देश, अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर कसेगा प्रशासन का शिकंजा

(हेमंत बघेल)

बलौदाबाजार। ज़िले में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध खबर शतक.इन ने बीते रविवार को प्रमुखता के साथ नंदनिया रेत घाट में अवैध उत्खनन का खबर प्रकाशन किया था जिसपर अब जिला प्रशासन सख्त रुख अख्तियार किया है। कलेक्टर दीपक सोनी ने राजस्व,पुलिस,वन,खनिज और परिवहन विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये।

कलेक्टर ने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।उन्होंने सभी अनुविभागों के एसडीएम को अपने अनुविभाग में रेत उत्खनन के ग्रे और ब्लैक स्पॉट की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि जिम्मेदारों के खिलाफ एमएमडीआर एक्ट के तहत एफ.आई.आर कर कठोर क़ार्रवाई करें।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश हैं कि अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लिप्त लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाए।श्री सोनी ने बताया कि राजस्व,पुलिस,वन,खनिज और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम जिम्मेदारों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करेगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी रेत के अवैध खनन और परिवहन को रोकने में प्रशासन की मदद करने की अपील की।

बैठक में उन्होंने बताया कि आम नागरिक संपर्क केंद्र के मोबाइल नंबर 9201899925 पर अवैध खनन और परिवहन की जानकारी दें। सटीक जानकारी देने वाले को जिला प्रशासन द्वारा पुरस्कृत भी किया जाएगा। श्री सोनी ने कहा कि जिले में रेत उत्खनन हेतु 14 खदानें स्वीकृत हैं,जहाँ से केवल ट्रेक्टर में माध्यम से उत्खनन करने की मंजूरी है।यदि कोई हाइवा या चैन माउंटेन का उपयोग करता है तो उनका वाहन ज़ब्त किया जाएगा। इसके बाद ड्राइवर के साथ -साथ वाहन के मालिक पर भी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने बैठक में बताया कि वन कानूनों के तहत भी दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और वाहन राजसात भी किया जाएगा। कलेक्टर ने परिवहन विभाग को रेत उत्खनन में शामिल वाहन मालिकों और वाहन चालकों की संपूर्ण जानकारी एकत्रित करने के निर्देश भी दिए जिसमें उनके सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज जैसे आधार,ड्राइविंग लाइसेंस ,वाहन के दस्तावेज की जानकारी आदि शामिल हों।

पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने कहा कि संयुक्त टीम पूरे दल बल के साथ अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सतर्कता और सजगता से कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान टीम के सदस्य अपनी सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखें।

इन्हें भी पढ़े