एससी-एसटी आरक्षण रोस्टर से वंचित किए जाने के विरोध में प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज ने सौंपा ज्ञापन
बलौदाबाजार। पटवारी एवं क्लर्क परीक्षा भर्ती में अनुसूचित जाति (एससी) एवं अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के अभ्यर्थियों को आरक्षण रोस्टर का समुचित लाभ नहीं मिलने के विरोध में प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज, बलौदाबाजार के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम कलेक्टर महोदय जी को ज्ञापन सौंपा।
समाज के पदाधिकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि भर्ती प्रक्रिया में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए निर्धारित आरक्षण रोस्टर का नियमानुसार पालन किया जाए, ताकि इन वर्गों के अभ्यर्थियों को संविधान प्रदत्त आरक्षण का उचित लाभ मिल सके।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि शासकीय भर्ती प्रक्रियाओं में आरक्षण रोस्टर का सही ढंग से पालन किया जाना सामाजिक न्याय एवं समान अवसर की दिशा में आवश्यक है। उन्होंने शासन से इस विषय पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए उचित कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के प्रदेश महासचिव श्री मोहन बंजारे अध्यक्ष दीपक घृतलहरे,सुशील बंजारे , लेखराम गनहरे, सहदेव जोशी,चंद्रशेखर साण्डेय,नकुल बांधे, मोहन पुरैना मैनेजर डहरिया, महेन्द्र डहरिया, बशान्त जांगड़े, मनराखन मनहर, विष्णु भारती, सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।





