पामगढ़ नगर के ऐतिहासिक गढ़ के भीतर बन रहे एस आर एल एम सेंटर का नगरवासियों ने किया विरोध, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
(पंकज कुर्रे)
पामगढ़ । नगर पंचायत पामगढ़ द्वारा शहर के बीच स्थित ऐतिहासिक गढ़ के भीतर एसआरएलएम सेंटर (कचरा निपटान केंद्र) निर्माण की तैयारी का नगरवासियों ने जोरदार विरोध किया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में नगरवासी मौके पर पहुंचे और निर्माण से पहले चल रही लेआउट प्रक्रिया को रुकवा दिया। इसके बाद नागरिकों ने इस संबंध में एसडीएम पामगढ़ और सीएमओ नगर पंचायत को ज्ञापन सौंपकर ऐतिहासिक स्थल के भीतर कचरा निपटान केंद्र न बनाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत परिषद पामगढ़ द्वारा कुछ दिनों पहले गढ़ परिसर के भीतर एसआरएलएम सेंटर निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद ही नगरवासियों ने नगर पंचायत के समक्ष मौखिक आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा था कि गढ़ पामगढ़ का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाला स्थल है, इसलिए यहां कचरा निपटान केंद्र बनाना उचित नहीं होगा। नागरिकों का कहना है कि यदि यहां कचरा निपटान केंद्र बनाया जाता है तो इससे न केवल ऐतिहासिक धरोहर की गरिमा प्रभावित होगी, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों को भी दुर्गंध और गंदगी की समस्या का सामना करना पड़ेगा।
नगरवासियों का आरोप है कि आपत्ति के बावजूद नगर पंचायत द्वारा हाल ही में गढ़ के भीतर अन्य भूमि पर एसआरएलएम सेंटर के लिए भूमि पूजन कर दिया गया। मंगलवार दोपहर इंजीनियर द्वारा निर्माण कार्य के लिए लेआउट की प्रक्रिया शुरू की जा रही थी, तभी इसकी जानकारी मिलते ही नगरवासी मौके पर पहुंच गए और इसका विरोध दर्ज कराया। लोगों के विरोध के बाद फिलहाल लेआउट की प्रक्रिया को रोक दिया गया है।
इसके बाद नगरवासियों ने एकजुट होकर एसडीएम पामगढ़ और सीएमओ नगर पंचायत पामगढ़ को ज्ञापन सौंपा और मांग की कि ऐतिहासिक गढ़ के भीतर प्रस्तावित एसआरएलएम सेंटर को तत्काल निरस्त कर अन्य उपयुक्त स्थान पर बनाया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में शशीप्रताप टांडे, दिनेश थवाईत, देवेंद्र यादव, मनोज घोष सहित कई वार्डों के पार्षद और बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल रहे। नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि ऐतिहासिक स्थल के भीतर कचरा निपटान केंद्र बनाने का निर्णय वापस नहीं लिया गया तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।









