माता अमरौतीन की जन्मभूमि ग्राम मडवा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई त्रिदिवसीय संत गुरु घासीदास जयंती, भव्य शोभायात्रा ने बांधा समां
(मदन खाण्डेकर)
गिधौरी। माता अमरौतीन की जन्मभूमि ग्राम मडवा में त्रिदिवसीय संत गुरु घासीदास जयंती समारोह का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर पूरे ग्राम में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक वातावरण बना रहा। आयोजन के मुख्य दिन ग्राम मडवा में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, श्रद्धालु एवं समाज के लोग शामिल हुए।
शोभायात्रा पारंपरिक वाद्ययंत्रों, मांदर और धार्मिक जयघोष के साथ ग्राम के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। शोभायात्रा में संत गुरु घासीदास के जीवन, उनके विचारों एवं सतनाम पंथ के संदेशों को दर्शाती आकर्षक झांकियां भी शामिल रहीं। श्रद्धालु “सतनाम” के जयघोष के साथ पूरे उत्साह और भक्ति भाव से शोभायात्रा में चलते नजर आए।
इस अवसर पर बिलाईगढ़ विधानसभा की विधायक कविता प्राण लहरे विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने शोभायात्रा में सहभागिता कर संत गुरु घासीदास के सामाजिक संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। विधायक ने कहा कि संत गुरु घासीदास ने समाज में समानता, भाईचारा और मानवता का संदेश दिया, जो आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता मजबूत होती है।
त्रिदिवसीय जयंती समारोह के अंतर्गत धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इस दौरान अखाड़ा प्रदर्शन और पंथी नृत्य प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहे। पंथी कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में संत गुरु घासीदास के जीवन दर्शन को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई, जिसमें दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन एवं व्यवस्था बनाए रखने में ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच, पंचगण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्राम को विशेष रूप से सजाया गया था तथा जगह-जगह संत गुरु घासीदास के उपदेशों एवं विचारों से संबंधित बैनर-पोस्टर लगाए गए थे।
समारोह के समापन अवसर पर आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विधायक, अतिथियों, कलाकारों एवं समस्त ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने भविष्य में भी ऐसे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की बात कही।









