सुबह-सुबह गांवों में पहुंचीं जिपं. अध्यक्ष, वीबीजी राम जी के कार्यों का किया निरीक्षण
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा। जिला पंचायत जांजगीर-चांपा की अध्यक्ष इन दिनों सुबह-सुबह जिले के विभिन्न गांवों में पहुंचकर केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना विकसित भारत गारंटी फॉर रोज़गार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण कर रही हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी ने अकलतरा जनपद पंचायत अंतर्गत भैंसतरा, बरपाली, मधुया और बुचिहर्दी तथा पामगढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत सेमरिया और जेवरा गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वीबीजी राम जी से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं व सुझाव सुने।

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत गारंटी फॉर रोज़गार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) के माध्यम से ग्रामीण रोजगार और आजीविका को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष में 100 दिन के स्थान पर 125 दिन रोजगार देने का संकल्प लिया गया है, जिससे गांव के किसान और मजदूर आर्थिक रूप से सशक्त होंगे।
अध्यक्ष ने कहा कि “जब गांव का किसान मजबूत होगा, तब जिला मजबूत होगा; जिला मजबूत होगा तो राज्य मजबूत होगा और राज्य मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा।” उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य 2047 को ध्यान में रखते हुए सभी ग्रामीणों से योजना का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया।
उन्होंने यह भी कहा कि योजना के तहत पारदर्शिता, समय पर भुगतान और किसानों के लिए स्थायी आजीविका सुनिश्चित करने के विशेष प्रावधान किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
:- समाचार एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें – 7240976439









