सड़क की बदहाली से त्रस्त ग्रामीणों ने आंदोलन का किया ऐलान, अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की अनुमति मांगी

{Pankaj Kurre}

पामगढ़। ग्राम डोंगाकोहरौद (भिलौनी) के ग्रामीणों ने गांव की जर्जर सड़क और लगातार हो रही दुर्घटनाओं से परेशान होकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तथा थाना प्रभारी पामगढ़ को ज्ञापन सौंपकर 29 जून 2026 से शांतिपूर्ण आमरण अनशन, धरना प्रदर्शन और जल सत्याग्रह करने की अनुमति मांगी है।


ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि पामगढ़-डोंगाकोहरौद-भिलौनी मुख्य मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क के दोनों ओर गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे दिन-रात राहगीरों और वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार लिखित शिकायतें और ज्ञापन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने बताई ये प्रमुख समस्याएं

• सड़क की वर्तमान स्थिति बेहद खराब हो चुकी है और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

• मार्ग पर लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।

• ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

• बरसात के दौरान सड़क पर जलभराव और कीचड़ से हालात और गंभीर हो जाते हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उनकी समस्याओं की अनदेखी किए जाने के कारण अब लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करना उनकी मजबूरी बन गई है।

29 जून से शुरू होगा आंदोलन

आवेदन के अनुसार ग्रामीणों ने 29 जून 2026 से अनिश्चितकालीन आंदोलन करने की घोषणा की है। आंदोलन के तहत आमरण अनशन, धरना प्रदर्शन और जल सत्याग्रह किया जाएगा। यह आंदोलन डोंगाकोहरौद (लीला मंडी चौक) में आयोजित किया जाएगा और तब तक जारी रहेगा जब तक सड़क निर्माण अथवा आवश्यक कार्य प्रारंभ नहीं हो जाता।

शांतिपूर्ण आंदोलन का दिया आश्वासन

ग्रामीणों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, अहिंसक और अनुशासित रहेगा। आंदोलन के दौरान यातायात या सार्वजनिक व्यवस्था में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं उत्पन्न किया जाएगा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए और आंदोलन के लिए आवश्यक अनुमति प्रदान की जाए। ज्ञापन में गांव के कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी संलग्न किए गए हैं।