बिजली व्यवस्था से परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा: पामगढ़ में बिजली कार्यालय का घेराव, विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार सड़कों पर उतर आया। ग्राम पंचायत भदरा और मुड़पार ब के करीब 50 से 60 ग्रामीणों ने सहायक यंत्री (वि. उपसंभाग) छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, पामगढ़ कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में लगातार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। भीषण गर्मी के बीच दिन-रात बिना पंखे और कूलर के रहना मजबूरी बन गया है। रात के समय अंधेरे में समय बिताना पड़ रहा है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली समस्या को लेकर कई बार विभाग में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। स्थिति यह है कि कई बार 1-2 दिन तक बिजली पूरी तरह गुल रहती है, और जब आती भी है तो केवल 15 से 30 मिनट के लिए ही आपूर्ति की जाती है।
बिजली नहीं होने से पेयजल संकट भी गहराने लगा है, वहीं घरेलू कामकाज भी ठप पड़ गया है। इस लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे मनमानी और धीमी कार्यशैली करार दिया है।
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
गौरतलब है कि इस समस्या को लेकर पहले भी खबरें प्रकाशित की जा चुकी हैं, बावजूद इसके विभाग की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है।


