बरसात बिना भी जलभराव! कोटिया गांव की सड़कों पर कीचड़ और पानी से लोग परेशान
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा । जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोटिया में इन दिनों हालात बद से बदतर बने हुए हैं। गांव की अधिकांश गलियां पानी और कीचड़ से इस कदर भर चुकी हैं कि लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हैं मानो गांव में हमेशा बरसात का मौसम बना रहता हो। जलभराव और गंदगी के कारण ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से गांव की गलियां इसी तरह पानी से लबालब भरी रहती हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि गर्मी और सामान्य दिनों में भी जलभराव बना रहता है। इससे न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। गांव की महिलाओं ने बताया कि घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है। बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कत होती है, वहीं बुजुर्गों को फिसलने और चोट लगने का डर बना रहता है। कीचड़ से सनी गलियों के कारण दोपहिया वाहन चालक भी परेशान हैं और कई बार दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार पंचायत और संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नाली निर्माण और सड़क मरम्मत का कार्य नहीं कराया गया, तो आने वाले दिनों में हालात और भी खराब हो सकते हैं।
ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। गांववासियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द गांव में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए, गलियों का निर्माण कराया जाए और स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि लोगों को इस परेशानी से राहत मिल सके।


