जांजगीर-नैला में 5 मार्च को चक्का जाम और 6 मार्च को नगर बंद का ऐलान, रेल ओवरब्रिज निर्माण व एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर जनआंदोलन तेज

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा । जांजगीर-नैला में रेल सुविधाओं के विस्तार और लंबित मांगों को लेकर अब आंदोलन निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। स्थानीय नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक-व्यापारिक संगठनों ने 05 मार्च 2026 की रात 10 बजे से परशुराम चौक, नैला में चक्का जाम तथा 06 मार्च को नगर बंद करने की घोषणा की है। इस संबंध में कलेक्टर, जिला जांजगीर-चांपा को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन को औपचारिक सूचना दे दी गई है।

इन मांगों को लेकर उबाल

आंदोलन की प्रमुख मांगों में शामिल हैं—

पश्चिम केबिन पर प्रस्तावित रेल ओव्हरब्रिज (ROB) का शीघ्र निर्माण प्रारंभ करना

स्टेशन में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार

प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करना

मिशन अस्पताल समपार के पास अंडरब्रिज का निर्माण

आंदोलनकारियों का कहना है कि इन मांगों को लेकर पूर्व में जन आंदोलन किया गया था। तब रेल प्रशासन और जिला प्रशासन के साथ हुई वार्ता में सहमति बनी थी कि छह माह के भीतर रेल ओव्हरब्रिज का निर्माण प्रारंभ किया जाएगा। साथ ही गोंडवाना एक्सप्रेस और साउथ बिहार एक्सप्रेस के जांजगीर-नैला स्टेशन पर ठहराव के संबंध में सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन भी दिया गया था।

आश्वासन पर अमल नहीं, बढ़ा आक्रोश

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सहमति बनने के बावजूद अब तक किसी भी वादे पर ठोस प्रगति नहीं हुई है। राज्य शासन और रेल प्रशासन के बीच समन्वय के अभाव के कारण कार्य लंबित है। इससे आम नागरिकों, व्यापारियों और यात्रियों में भारी नाराजगी है।

ज्ञापन में कहा गया है कि आंदोलन का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया है और यदि जनजीवन प्रभावित होता है तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

व्यापारिक संगठनों का समर्थन

इस आंदोलन को क्षेत्र के प्रमुख व्यापारिक संगठनों का भी समर्थन मिला है, जिनमें—

छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज

जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन जांजगीर-चांपा

गल्ला किराना व्यापारी संघ

जिला चावल उद्योग संघ

कपड़ा व्यापारी संघ

इन संगठनों ने 6 मार्च के नगर बंद में सहयोग देने की घोषणा की है।

प्रशासन को दी गई सूचना

आंदोलन की सूचना की प्रतिलिपि मंडल रेल प्रबंधक, बिलासपुर; ए.डी.ई.एन., दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, चांपा; स्टेशन प्रबंधक, जांजगीर-नैला; तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जांजगीर को भी प्रेषित की गई है।

अब देखना होगा कि प्रशासन आंदोलन से पहले कोई ठोस पहल करता है या जांजगीर-नैला में 5 और 6 मार्च को प्रस्तावित आंदोलन से जनजीवन प्रभावित होता है। फिलहाल, रेल सुविधाओं को लेकर क्षेत्र में माहौल पूरी तरह गर्म है।

:- समाचार एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें – 7240976439