लवन-कसडोल मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: कैप्सूल की टक्कर से पिकअप ट्रक में घुसी, एक की मौत, दो घायल, एंबुलेंस चालक गजेंद्र ने पहुंचाया हॉस्पिटल
(देवेश साहू)
कसडोल। जिले के लवन-कसडोल मार्ग पर चिरपोटा मोड़ के पास मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब पीछे से आ रहे एक कैप्सूल वाहन ने सीमेंट पोल से लदी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिकअप अनियंत्रित होकर सामने खड़े ट्रक में जा घुसी और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के समय पिकअप में चालक सहित तीन लोग सवार थे, जो वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कटर मशीन की मदद से लंबे समय तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद तीनों को बाहर निकाला गया। इस दौरान मानवता और जनसेवा का परिचय देते हुए गजेंद्र नामक एंबुलेंस चालक द्वारा हमेशा की तरह निःशुल्क हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार घटना में गोवर्धन धुव निवासी खमरिया, भाटापारा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ईश्वर साहू निवासी बेमेतरा गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें जिला अस्पताल बलौदाबाजार लाया गया। पिकअप चालक को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने बताया कि अस्पताल दो घायलों को लाया गया था, जिनमें से एक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत्यु हो चुकी थी, जबकि दूसरे घायल का उपचार किया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप में सीमेंट के पोल लदे हुए थे और वाहन बेमेतरा से शिवरीनारायण की ओर जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।





