नेशनल हाईवे 130B पर भीषण हादसा: ट्रेलर की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, एक गंभीर
(ऐश्वर्य साहू)
KASDOL NEWS। थाना कसडोल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छरछेद छांछी स्थित नेशनल हाईवे 130B पर बीती रात करीबन 11:10 बजे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा शिव शक्ति हॉस्पिटल छड़छेद छाँछी के सामने हुआ। जहां टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान करण दास मानिकपुरी (22 वर्ष), पिता-सुकृत दास मानिकपुरी, निवासी विद्या नगर वार्ड क्रमांक 1, नगर पंचायत कसडोल के रूप में हुई है। हादसे में घायल यशवंत कुमार साहू को सीएचसी कसडोल में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर तेज रफ्तार में था और अपने साइड में चल रहे स्कूटी को टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। इधर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, फिलहाल पुलिस द्वारा ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।


