JANJGIR CHAMPA: क्लिंकर से भरा ट्रेलर तड़के सुबह सड़क किनारे पलटा, मची अफरा तफरी, करोड़ों का नुकसान — नशे में धुत था चालक
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर / पामगढ़ । सड़क पर उस समय हड़कंप मच गया जब क्लिंकर से भरा एक भारी ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। बताया जा रहा है कि ट्रेलर तेज रफ्तार में था और चालक लाल सिंह यादव नशे की हालत में वाहन चला रहा था। इसी कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रेलर सड़क किनारे पलट गया। घटना में ट्रेलर में खलासी भी फस गया जिसे स्थानीय लोगों ने खींचकर बाहर निकाला । फिरहाल घटना में दोनों को चोट आई है जिसे पामगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार जारी है।
खलासी ईश्वरी प्रसाद धनवार ने बताया कि हादसे में ट्रेलर और उसमें भरे क्लिंकर को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। ट्रेलर पलटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी ली। गनीमत रही कि ट्रेलर पास के एक दो घर में घुसने से बाल-बाल बच गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था और जनहानि की भी आशंका थी। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह घटना बिलासपुर शिवरीनारायण मुख्य मार्ग पामगढ़ पर मोनू खाई खजाना दुकान के पास शुक्रवार की सुबह तड़के 5 बजे की बताई जा रही है । खलासी के बताए अनुसार अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री बलौदाबाजार से माल को लोड करके झारसुगुड़ा जा रहे थे।
खबर लिखे जाने तक स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी है फिरहाल मौके पर आने जाने वाले और स्थानीय लोगों की भारी संख्या में भीड़ जुटी हुई है। मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है।









