अर्जुनी में सूने घर का ताला तोड़कर चोरी, जेवर-नकदी पार; 13 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

{Pankaj Kurre}

अकलतरा । थाना अकलतरा क्षेत्र के ग्राम अर्जुनी में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना 13 सितंबर की रात की बताई जा रही है। पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, लेकिन घटना के करीब 13 दिन बाद भी अज्ञात चोर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।


जानकारी के अनुसार अर्जुनी फोरलेन रोड के पास रहने वाली सरिता लहरे 13 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे बिजली नहीं होने के कारण अपने पति दिलेश्वर और बच्चे के साथ रिश्तेदारी में गई थीं। अगले दिन 14 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की।

पीड़िता के अनुसार चोरों ने अलमारी और बक्से का लॉक तोड़कर सोने का हार, मंगली माला, मंगलसूत्र, लॉकेट, चांदी की तीन जोड़ी पायल सहित अन्य आभूषण और नकदी चोरी की है। शिकायत में चोरी गए सामान की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है, जबकि परिवार की ओर से जेवर और नकदी समेत करीब 1 लाख 60 हजार रुपये तक के सामान चोरी होने की बात भी कही गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत के आधार पर जांच शुरू की है।


पीड़िता के अनुसार, घर से रिश्तेदारी में जाने से पहले उन्होंने निर्माणाधीन पेट्रोल पंप पर तैनात चौकीदार को घर की देखरेख करने की सूचना दी थी। उनके मुताबिक, इसी दौरान रात में घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात हो गई। प्रार्थी ने यह भी बताया कि पेट्रोल पंप परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे घटना के समय महत्वपूर्ण सुराग दे सकते थे, लेकिन घटना के अगले दिन सीसीटीवी कैमरा निकाल दिया गया। इस वजह से मामले में सीसीटीवी फुटेज और कैमरा हटाए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

घटना के बाद से गांव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। दिनदहाड़े नहीं बल्कि रात के अंधेरे में घर सूना पाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। अब पुलिस के सामने चुनौती है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज, संदिग्ध गतिविधियों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक कैसे पहुंचा जाए। 13 दिन बीतने के बावजूद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

इन्हें भी पढ़े