PAMGARH: कलयुगी पिता ने 5 साल के मासूम बेटे को नहर में डुबोकर मार डाला, झूठी कहानी बनाकर पहुंचा घर — कड़ी पूछताछ में कबूला जुर्म

(पंकज कुर्रे)

पामगढ़ । जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भिलौनी से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी पिता ने अपने ही 5 साल के मासूम बेटे आयुष यादव को नहर में डुबोकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी ने हादसे की झूठी कहानी बनाकर पुलिस और परिजनों को गुमराह करने की कोशिश भी की, लेकिन आखिरकार पुलिस की कड़ी पूछताछ में वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पिता रमेश यादव बीती रात अपने बेटे को लेकर ग्राम भैसों स्थित अपने ससुराल जाने के लिए निकला था। देर रात वह बच्चे की लाश लेकर घर पहुंचा और परिजनों को बताया कि वह शराब के नशे में था। इसी दौरान साइकिल अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई और बेटा पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हालांकि इस कहानी पर बच्चे की मां को भरोसा नहीं हुआ। मां ने तुरंत अपने पति पर ही बेटे की हत्या का गंभीर आरोप लगा दिया। मां का कहना है कि उसका पति पिछले कई दिनों से कह रहा था कि वह बेटे को मार देगा और खुद भी मर जाएगा। वह रोज शराब पीकर घर में झगड़ा और मारपीट करता था।

मां के आरोप के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और उसने अपने ही बेटे को नहर में डुबोकर मार डालने की बात कबूल कर ली।

घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। बच्चे की मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर शॉर्ट पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।






इन्हें भी पढ़े